Skip to main content

Early Summer (麦秋, Bakushū) 1951


नोरिकों की आयु 28 वर्ष हो चुकी है , परिवार के सब लोग चाहते हैं कि वो शीघ्र विवाह कर ले। 

फिल्म की कहानी Post War जापान की जब सामाजिक परिदृश्य बादल रहे होते हैं। महिलाओं की समाज में भागीदारी बढ़ रही थी। फिल्म की नायिका नोरिकों एक आकर्षक युवती है , ऑफिस में काम भी करती है तो घरेलू भी है । उसकी सहेलियों भी अधिकतर विवाहित हैं। घर के लोग भी इतनी बड़ी लड़की को घर पर नहीं रखना चाहते।

जब नोरिकों का बॉस साताके उसके लिए एक वर प्रस्तावित करता है तो उसके परिवार वाले उत्साहित हो जाते हैं। लेकिन वो लड़का 42 वर्ष का है , आयु अंतर अधिक होता है तो घर में ही वो प्रस्ताव रफा दफा हो जाता है। चिंता ज्यों की त्यों बनी रहती है।

नोरिकों का पड़ोसी एक समवयस्क-विदुर डॉक्टर केङ्किची है , जो की एक बच्ची का पिता भी है। हालांकि दोनों में मिलना जुलना है किन्तु प्रेम जैसी कोई बात दिखाई नहीं देती है।

एक दिन जब केङ्किची का किसी ग्रामीण क्षेत्र में कुछ वर्षों के लिए स्थानांतरण हो जाने की सूचना मिलती है तब नोरिकों उनके घर मिलने जाती है। तब केङ्किची की मान अनायास ही नोरिकों से कह बैठती है की काश केङ्किची की नोरिकों जैसी कोई जीवन साथी होती। तब नोरिकों उनसे कहती है कि आप को अगर मेरी जैसी अधेड़ बहु से कोई आपत्ति नहीं है तो मुझे आपका कहा स्वीकार है।

नोरिकों के घर वालों को जब इस बात का पता चलता है तो वे सब निराश हो जाते है। केङ्किची एक विदुर और एक बच्ची का पिता है और उसके घर वालों का स्वप्न होता है कि नोरिकों एक समृद्ध परिवार में जाये। लेकिन नोरिकों अपना मन बना चुकी होती है। घर वाले अनमने भाव से स्वीकार कर लेते हैं।

नोरिकों अपनी भाभी से पूछती है कि क्या वो लोग इसलिए निराश है क्यूकि वो एक बच्ची के पिता से विवाह कर रही है । भाभी कहती है कि हाँ ये भी एक कारण है और माँ को उसने अत्यंत दुःखी होते देखा है नोरिकों के निर्णय के पश्चात । नोरिकों कहती है कि उसे बच्चे पसंद हैं। भाभी कहती है कि जब नोरिकों के खुद के बच्चे होंगे तब क्या होगा । नोरिकों कहती है कि चिंता की कोई बात नहीं है उसने इन सब विषयों के बारे में विस्तार से सोच लिया है । ये परिस्थिति उतनी भी विकट नहीं है , वो इससे सरलता से निपट लेगी । नोरिकों कहती है कि शायद वो आशावादी है लेकिन धन दौलत का अभाव उसे उतना व्यथित नहीं करता जितना औरों को करता है। नोरिकों कहती है कि वो ऐसे व्यक्ति पर विश्वास नहीं कर सकती जो 40 वर्ष की आयु में भी विरक्त और अस्थिर है, उसकी तुलना में एक बच्चे के पिता उसे अधिक विश्वसनीय लगता है । भाभी कि चिंता दूर हो जाती है। वो नोरिकों कि प्रशंसा करते हुए कहती है कि जब उसका विवाह हुआ था तब उसे विवाह के बारे में कुछ भी नहीं पता था।

नोरिकों को चिंता है कि उसके विवाह के पश्चात परिवार का क्या होगा, भाभी कहती है कि वो इन सब की चिंता ना करे।

नोरिलो के विवाह के पश्चात, परिवार बिखर चुका है, उसके माता-पिता भी नोरिकों के अंकल के पास गाँव चले जाते हैं इस आशा के साथ कि 3-4 वर्ष के पश्चात जब नोरिकों और केङ्किची लौट आएंगे तब उनका बिखरा परिवार पुनः एक साथ होगा ।

..............

फिल्म का जापानीज़ नाम है बाकुशु अर्थात फ़सल (गेहूं, जौ इत्यादि ) काटने का समय। फिल्म के अंतिम दृश्य में जौ की पकी हुई फ़सल दिखाई गयी है जो कि गर्मियों के शुरुआत का समय होता है यानि कि फिल्म का अङ्ग्रेज़ी नाम Early Summer .

Comments